जमशेदपुर : श्रीनाथ विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग द्वारा आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन सस्टेनेबल रिसर्च एंड इनोवेशंस (ICSRI-2026)” का उद्घाटन समारोह विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 15 एवं 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से शंभू संध्या एजुकेशनल ट्रस्ट की माननीय ट्रस्टी सदस्य श्रीमती अनीता महतो, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एस. एन. सिंह, कुलसचिव डॉ. यह्या मजूमदार, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के प्रमुख श्री शशिकांत महतो सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के संयोजक असिस्टेंट डीन रिसर्च डॉ. सैलेश सरांगी एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. कमलेंद्र विक्रम हैं। वहीं डॉ. सूर्य प्रताप सिंह, डॉ. प्रीति साहू एवं डॉ. वसीम अकरम को सह-संयोजक बनाया गया है। सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए आयोजकों ने बताया कि ICSRI-2026 का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग को बढ़ावा देना, उभरती तकनीकों एवं औद्योगिक चुनौतियों पर चर्चा करना तथा नवाचार एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करना है। इस सम्मेलन में छात्र, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, शिक्षाविद् एवं शोधकर्ता भाग ले सकेंगे।
सम्मेलन के प्रमुख विषयों में एआई आधारित स्पेस रोबोटिक्स, एडवांस कंपोजिट मैटेरियल्स तथा सस्टेनेबल ट्राइबोलॉजिकल सिस्टम्स शामिल हैं। सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं में क्रोएशिया के यूनिवर्सिटी ऑफ स्लावोंस्की ब्रॉड के प्रो. डॉ. ड्राजन कोजाक तथा साइप्रस के ईस्टर्न मेडिटेरेनियन यूनिवर्सिटी के डॉ. बाबक सफई शामिल हैं।
वहीं राष्ट्रीय स्तर के मुख्य वक्ताओं में एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के रिसर्च प्रोफेसर डॉ. शुभब्रत दत्ता, मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र कुमार कटियार, राजलक्ष्मी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी चेन्नई के डॉ. कनक कलिता, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर के प्रो. संजय, एनआईटी सिलचर के डॉ. प्रसून मंडल तथा एशियन डेवलपमेंट रिसर्च इंस्टीट्यूट पटना के जियोस्पेशियल वैज्ञानिक डॉ. अर्पण शर्मा शामिल होंगे।
डॉ. शैलेश सरांगी एवं डॉ. कमलेंद्र विक्रम ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में प्रस्तुत उत्कृष्ट शोध पत्रों का प्रकाशन स्कोपस एवं एससीआई इंडेक्स्ड जर्नल्स में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एब्स्ट्रैक्ट जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 तथा पूर्ण शोध पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 5 जून से 15 सितंबर 2026 तक चलेगी। फ़िलहाल प्रतिभागी icsri2026@srinathuniversity.ac.in के जरिये अपना एब्स्ट्रैक्ट भेज सकते हैं.



