सिल्ली/मुरी : मुरी-सिल्ली क्षेत्र की लचर और बदहाल बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर बुधवार को जन-आक्रोश फूट पड़ा। सिल्ली रामडेरा स्थित पावर हाउस के समक्ष ‘आजसू’ (AJSU) के बैनर तले स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों ने एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली विभाग की लापरवाही और वर्तमान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।



धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा देवी ने तीखे शब्दों में कहा कि सिल्ली में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है, जिसकी पूरी जिम्मेदार वर्तमान सरकार और स्थानीय विधायक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के लोग आए दिन लो-वोल्टेज की मार झेल रहे हैं, अघोषित बिजली कटौती से व्यापार और पढ़ाई प्रभावित हो रही है, और ऊपर से बिजली बिलों में आ रही भारी गड़बड़ी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
तैयार पावर ग्रिड को चालू करने की उठी मांग
प्रदर्शनकारियों ने विभाग के सामने मुख्य मांग रखते हुए कहा कि क्षेत्र के लिए बनकर तैयार हो चुके नए पावर ग्रिड को तुरंत चालू किया जाए, ताकि ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिल सके। प्रदर्शन के अंत में बिजली विभाग के अधिकारियों को एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा गया। नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी बड़ा रूप लेगा।
प्रदर्शन में ये मुख्य लोग रहे शामिल :
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रखंड प्रमुख जितेंद्र नाथ बड़ाइक, पूर्व जिला परिषद सदस्य गौतम कृष्णा साहू, पूर्व मुखिया डब्लू महली, राजा पुष्पेंद्र नाथ सिंह देव, सविता रानी समेत सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : रिंकी कुमारी



