जमशेदपुर : मानगो के गुरुद्वारा रोड और वैकुंठनगर इलाके में एक दर्जन से अधिक परिवारों को 4 अगस्त तक मकान खाली करने का नोटिस मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। करीब 50 वर्षों से रह रहे परिवारों के सामने अब बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपने घर बनाए हैं। उनके घरों में बिजली और पानी के कनेक्शन हैं तथा वे नियमित रूप से बिल का भुगतान भी करते हैं। ऐसे में अचानक मकान तोड़ने का नोटिस मिलने से पूरे परिवार में चिंता और डर का माहौल है।

नोटिस मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने अपनी समस्या जनप्रतिनिधियों के सामने रखी। भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बिना पुनर्वास के गरीब परिवारों को उजाड़ना उचित नहीं है और प्रशासन को मानवीय आधार पर समाधान निकालना चाहिए। स्थानीय लोगों की मांग है कि यदि अतिक्रमण हटाना जरूरी है तो पहले वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जाए। फिलहाल सभी की नजर 4 अगस्त पर टिकी है, जब प्रशासन की ओर से कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
