पटना : नीतीश कुमार ने इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), शेखपुरा स्थित परिसर में निर्माणाधीन 1200 शैय्या वाले नए अस्पताल भवन सह आवासीय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू होने से मरीजों को इलाज में बेहतर सुविधा मिलेगी और उन्हें अन्य राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही इससे बिहार की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत एवं उन्नत होंगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आईजीआईएमएस का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। यह परियोजना पूरी होने के बाद पटना सहित पूरे राज्य के मरीजों को उन्नत और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
