बिहार : ज़िले में दिनदहाड़े हुई युवक की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है. वारदात का सनसनीखेज लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें कुछ युवक मिलकर एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या करते दिख रहे हैं. मृतक की पहचान 22 वर्षीय फैसल अहमद के रूप में हुई है. मामला श्रीपुर थाना क्षेत्र के जनता बाज़ार का है. बताया जा रहा है कि फैसल अहमद को उसके ही दोस्तों ने फोन कर घर से बुलाया. इसके बाद 5–6 युवकों ने मिलकर पहले मारपीट की और फिर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हत्या की ख़बर फैलते ही पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. गुस्साए लोगों ने बथुआ बाज़ार में सड़क जामकर आगजनी की. लोगों का आरोप है कि बाजार में पुलिस की गश्त नहीं थी, इसी कारण अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया. हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आपसी विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है. पुलिस की टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. उन्होंने दावा किया कि हालात नियंत्रण में हैं. फैसल अहमद गोपालपुर गांव निवासी मोहम्मद वसीम का बेटा था. घटना के बाद से परिवार का रो–रोकर बुरा हाल है. परिजनों को पुलिस और प्रशासन लगातार समझाने की कोशिश में जुटे हैं. हालांकि अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
