जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र से सामने आए इस सनसनीखेज मामले ने शहर में हलचल मचा दी है। किराएदार पर अवैध वसूली, धमकी और दुकान कब्जाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित अश्विन सिद्धू (27 वर्ष) ने पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है।

पीड़ित के मुताबिक, कालीमाटी रोड स्थित हेम सिंह बगान में उनकी दुकान को राधेश्याम अग्रवाल उर्फ “श्याम कार केयर” को किराए पर दिया गया था। आरोप है कि दुकान खाली कराने के एवज में पहले ही 5 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद आरोपी द्वारा फिर से 5 लाख रुपये की अवैध मांग की जा रही है।
उल्टा फंसाने की साजिश!….
मामला यहीं नहीं थमा। आरोप है कि किराएदार ने दुकान से सामान हटाकर मालिक के खिलाफ ही झूठा मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश शुरू कर दी। साथ ही दबंग प्रवृत्ति के लोगों के साथ मिलकर दुकान पर हंगामा किया गया और पीड़ित व उसके परिवार को जान से मारने व अगवा करने की धमकी दी गई।
पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल……
इस पूरे मामले में जब लोकतंत्र सवेरा की टीम ने गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की, तो उन्होंने खुद को व्यस्त बताते हुए बात को टाल दिया और “बाद में बात करेंगे” कहकर कॉल समाप्त कर दी। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि आखिर इस गंभीर मामले पर पुलिस खुलकर कुछ कहने से क्यों बच रही है।
न्याय और सुरक्षा की मांग….
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस मामले में कब तक चुप्पी तोड़ती है और आरोपियों पर क्या कार्रवाई होती है।
