झारसुगुड़ा : ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से भरी PCR वैन को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सदर थाने के सामने हुई जोरदार टक्कर……
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसा झारसुगुड़ा सदर थाना क्षेत्र के सामने हुआ। पुलिस की PCR वैन नियमित गश्ती ड्यूटी पर थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने संतुलन खो दिया और सीधे पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि PCR वैन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पांच जवानों की मौके पर मौत, तीन ICU में भर्ती……
हादसे में एपीआर जवान काशीराम भोई, देवदत्त साहू, सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुंअर और एपीआर हवलदार लिंगराज घुड़ुआ समेत कुल पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
ट्रक चालक गिरफ्तार, जांच जारी……
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जिले में शोक की लहर…….
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे झारसुगुड़ा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। ड्यूटी के दौरान जवानों की मौत से पुलिस महकमे में मातम पसरा हुआ है। आम लोगों ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए सरकार से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है. राज्य सरकार की ओर से मृतक पुलिसकर्मियों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की गंभीर याद दिलाता है।
