जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी, चैन स्नैचिंग, मोबाइल छिनतई एवं लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष छापामारी अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर 21-22 मार्च 2026 की रात सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के नेतृत्व में गठित टीम ने एग्रीको क्वार्टर इलाके में कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखे। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर तीनों तेजी से भागने लगे। टीम ने पीछा कर एक संदिग्ध को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पकड़े गए नाबालिग को थाना लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने दो फरार साथियों के नाम बताए। साथ ही एक अन्य सहयोगी का भी खुलासा किया, जो चोरी की गाड़ियों को ग्रामीण क्षेत्रों में ले जाकर बेचने का काम करता है। पुलिस ने पकड़ी गई मोटरसाइकिल (नंबर: JH05 BT 8268) को जब्त कर लिया है।
इस संबंध में सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 40/26, दिनांक 23 मार्च 2026, धारा 317(2) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद नाबालिग को बाल सम्प्रेषण गृह, घाटशिला भेज दिया गया।
जब्त सामान…..
एक मोटरसाइकिल (JH05 BT 8268)
छापामारी दल में शामिल……
थाना प्रभारी मो. फैज अहमद, एएसआई विकास कुमार, एएसआई दानियल सांगा, एएसआई देवेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
