जमशेदपुर : शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र के बजरंग नगर स्थित एक कुरियर कार्यालय से सामने आया है, जहां चोरों ने शटर और दरवाजे के चार-चार ताले तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के लिए चोर सीसीटीवी कैमरे की DVR मशीन भी अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना 09 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे से 10 मार्च की सुबह के बीच की बताई जा रही है। सुबह जब कार्यालय संचालक दफ्तर पहुंचे तो शटर और दरवाजे के ताले टूटे हुए देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर जांच करने पर कई कीमती पार्सल और अन्य सामान गायब मिले।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोर डेढ़ लाख रुपये से अधिक के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले शटर और दरवाजे पर लगे कुल 8 ताले तोड़े, फिर आराम से अंदर घुसकर पार्सलों को खंगाला और कीमती सामान समेट लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे की DVR मशीन भी निकालकर साथ ले ली, जिससे उनकी पहचान का कोई सुराग न मिल सके।
घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि जब इतने सुरक्षा इंतजामों के बावजूद चोरी हो रही है, तो व्यापार करना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है. अब देखना यह होगा कि गोलमुरी पुलिस इस हाईटेक चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है।
