गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिला में रामनवमी का माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई है। बताया जाता है कि रमकंडा प्रखंड में गुरुवार को देर शाम चैत्र मास की अष्टमी तिथि को रामनवमी का जुलूस निकाला गया था, जिस पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर चला दिया। बताया यह भी जा रहा है कि कुछ लोगो ने शोभायात्रा को शिव चबूतरा के पास जाने से रोक दिया। इन सब गतिविधियों से माहौल बिगड़ने लगा था, लेकिन तब तक पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया।

पुलिस ने उपद्रवियों पर आंसू गैस के गोले दागने शुरू किए, तब जाकर भीड़ तितर-बितर होने लगी। उसके बाद शोभायात्रा भी लौट गई। इस घटना में रामनवमी की शोभायात्रा निकालने वाले लोग भी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से नजदीक के अस्पताल भेजा। रंका थाना के इंस्पेक्टर अभिजीत गौतम मिश्रा ने माइक के ज़रिए वहां मौजूद लोगों को दूर हटने के निर्देश दिए।
माइक पर माहौल तनावग्रस्त होने की बात कही गई और उत्पात करने से रोकने की चेतावनी दी गई। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है। यहां बता दें कि बुधवार को भी कुछ असामाजिक तत्वों ने महावीरी झंडा ले जाने से रोक दिया था। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने छह घंटे तक रमकंडा-मेदिनीनगर रोड को जाम कर दिया था।
पत्रकार भी आए लाठीचार्ज की चपेट में……
पत्रकारों ने बताया कि घटनास्थल पर जब पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो उसकी चपेट में वहां मौजूद पत्रकार भी उसकी चपेट में आ गए। पत्रकार पुलिस से शिकायत करते रहे, लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर दिया गया। शायद पुलिस नहीं चाहती थी कि लाठीचार्ज की घटना मीडिया में प्रसारित हो।
