लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 36 दिन पहले हुए जानलेवा हमले में घायल 20 वर्षीय युवक ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और शोक की लहर पैदा कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी को चापड़ से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल बजरंगनगर निवासी कमलजीत सिंह की मंगलवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी मिलन ने शराब के नशे में युवक पर जानलेवा हमला किया था. घटना के बाद गंभीर हालत में कमलजीत को पहले टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां से स्थिति बिगड़ने पर उसे रांची के रिम्स भेजा गया। बाद में 12 मार्च को उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने पर मंगलवार रात उसे फिर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता मनोहर सिंह ने आरोप लगाया कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था और आरोपी खुलेआम घूम रहा है। उन्होंने कहा कि 36 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
थाने में शव रखकर उग्र प्रदर्शन…..
युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने शव को गोलमुरी थाना में रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए गए. आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
इलाके में तनाव, पुलिस पर बढ़ा दबाव…..
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पर अब जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने का दबाव बढ़ गया है।
