जमशेदपुर : थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात अपराधियों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना सुबह करीब 6:56 बजे जन्माष्टमी स्थल के समीप हुई, जहां अपराधियों ने स्वपन दास के घर को निशाना बनाते हुए तीन राउंड गोली चलाई. गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।


घटना के संबंध में स्वपन दास ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे शांतिप्रिय व्यक्ति हैं और आज तक किसी से कोई झगड़ा तक नहीं हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि यह घटना किसी साजिश के तहत कराई गई हो सकती है. घटना के बाद सालडीह बस्ती के स्थानीय लोगों में भारी डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक अपराधियों का मनोबल बढ़ता रहेगा और कब इस पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाएगा।
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच अभियान तेज कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके।
