JAMSHEDPUR : कोल्हान समेत झारखंड के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए शनिवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया. सभी नगर निकायों में 23 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक एक ही चरण में मतदान होगा. मतगणना 27 फरवरी को सुबह आठ बजे से शुरू की जाएगी. राज्य में कुल 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों के लिए चुनाव हो रहे हैं. इन निकायों में मेयर और अध्यक्ष के अलावा कुल 1,087 वार्डों में काउंसिलर के लिए मतदान होगा. इनमें से 16 निकायों के 38 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है. केवल एक प्रत्याशी के मैदान में रहने के कारण उन्हें निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा निर्वाचित घोषित किया गया।

नामांकन और छंटनी की प्रक्रिया के बाद कुल 6,288 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. महापौर और अध्यक्ष पद के लिए 560 तथा वार्ड पार्षद पद के लिए 5,728 उम्मीदवार अंतिम सूची में शामिल हैं. इससे पहले 38 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए थे और 424 नामांकन पत्र जांच में रद्द किए गए थे।
मतदान बैलेट पेपर के जरिए होगा और इस बार मतदाताओं को नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा. यानी मतदाता को चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में से किसी एक को ही वोट देना होगा. मतदान के दिन संबंधित क्षेत्रों में ड्राई-डे लागू रहेगा और शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
