मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने एक बड़े हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश करते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग मुख्य रूप से ग्राम प्रधानी चुनाव के उम्मीदवारों और पैसे वाले लोगों को निशाना बनाकर उनसे मोटी रकम ऐंठता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को एक व्यक्ति ने Muzaffarnagar के नई मंडी कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि आफताब, रियासत, परवेज, साजिद और वरजीना नाम की महिला ने मिलकर हनी ट्रैप का गिरोह बना रखा है। यह गिरोह भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठने का काम करता था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों आफताब, रियासत, साजिद और वरजीना को गिरफ्तार कर लिया। वहीं गिरोह का एक सदस्य परवेज अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी तलाश जारी है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अक्सर ग्राम प्रधानी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को निशाना बनाते थे। गैंग पहले महिला के जरिए उम्मीदवारों से संपर्क करता था और फिर उन्हें हनी ट्रैप में फंसाकर छेड़छाड़ या दुष्कर्म जैसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता था। इसके बाद आरोपियों द्वारा समझौते के नाम पर लाखों रुपये की मांग की जाती थी।
कई मामलों में उम्मीदवारों पर चुनाव न लड़ने का भी दबाव बनाया जाता था। इस मामले की जानकारी देते हुए Sanjay Kumar Verma, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर ने बताया कि अब तक दो मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और जांच में 10 से 15 लाख रुपये तक की उगाही की पुष्टि हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
