भद्रवाह/जम्मू : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन सड़क से फिसलकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सेना का वाहन एक ऑपरेशन के लिए जा रहा था। वाहन में कुल 21 जवान सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वह भद्रवाह-चंबा अंतरराष्ट्रीय सड़क पर 9000 फीट ऊंचे खड़ी मोड़ से नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाद में इलाज के दौरान अन्य जवानों ने दम तोड़ दिया।
घायलों को एयरलिफ्ट कर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल 10 जवानों को उधमपुर कमांड अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि एक घायल जवान का इलाज भद्रवाह उप-जिला अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। सेना की ओर से घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
