नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। भारत के दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीयों से उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों की ओर जाने अथवा देश छोड़ने की सलाह दी है। साथ ही भारतीय नागरिकों को फिलहाल ईरान की यात्रा से बचने को कहा गया है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव के कारण क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। दोनों देशों के बीच मिसाइल एवं रॉकेट हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ विदेशी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच तेहरान के मेहराबाद सहित कई प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। सुरक्षा कारणों से अनेक अंतरराष्ट्रीय एवं घरेलू उड़ानों को अगली सूचना तक स्थगित या रद्द कर दिया गया है। ऐसे में यात्रियों को आवागमन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
भारतीय दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति तेजी से बदल रही है। ऐसे में भारतीय नागरिक अत्यधिक सतर्कता बरतें, स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा दूतावास के संपर्क में बने रहें। दूतावास ने यह भी दोहराया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकारों का मानना है कि यदि क्षेत्रीय तनाव और बढ़ता है तो इसका प्रभाव वैश्विक व्यापार, कच्चे तेल की कीमतों और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। यही कारण है कि कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए यात्रा एवं सुरक्षा संबंधी परामर्श जारी किए हैं. पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय तनाव कम करने के प्रयासों पर जोर दे रहा है।



