15 लाख के लेन-देन, प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश में मो. निजाम की हत्या की थी तैयारी, भाकुड़ समेत 10 गिरफ्तार
तीन देसी पिस्टल, कारतूस व खोखा बरामद, 19 जुलाई की फायरिंग से भी जुड़े मिले तार
जमशेदपुर : जुगसलाई थाना पुलिस ने शहर में होने वाली एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने कुख्यात अपराधी भाकुड़ समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर मो. निजाम की हत्या की साजिश का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, एक खोखा और अतिरिक्त मैगजीन बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह हाल ही में जेल से बाहर आए मो. निजाम की हत्या तथा अपहरण की योजना बना रहा था।

रेलवे पुल के नीचे चल रही थी हत्या की तैयारी……
सिटी एसपी ललित मोहन मीणा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी स्थित रेलवे पुल के बेसमेंट के पास भाकुड़ अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्र हुआ है। सूचना के आधार पर जुगसलाई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से एक-एक कर सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की साजिश के पीछे तीन बड़े कारण
पुलिस जांच में हत्या की योजना के पीछे तीन प्रमुख वजहें सामने आई हैं।
15 से 16 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद।
प्रेम प्रसंग : भाकुड़ के जेल में रहने के दौरान उसकी प्रेमिका ने मो. निजाम से विवाह कर लिया था। इसी कारण वह बदला लेना चाहता था।
पारिवारिक रंजिश : गिरफ्तार आरोपी शाहजादा, जो मो. निजाम का भांजा है, भी इस साजिश में शामिल था। पुलिस के अनुसार उसकी निजी पारिवारिक रंजिश भी हत्या की योजना का अहम कारण बनी।
ब्राउन शुगर नेटवर्क की भी हो रही जांच……
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी भाकुड़ तड़ीपार आदेश का उल्लंघन कर लगातार क्षेत्र में सक्रिय था। उसका संबंध ब्राउन शुगर तस्करी से भी जुड़ा होने की आशंका है। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई चेन के साथ-साथ पूरे ड्रग्स नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।
19 जुलाई की फायरिंग से भी जुड़े मिले तार…..
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि 19 जुलाई को जुगसलाई में हुई फायरिंग की घटना में भी इसी गिरोह की संलिप्तता हो सकती है। बरामद हथियारों का मिलान घटनास्थल से मिले खोखों से कराया जा रहा है। यदि फॉरेंसिक जांच में मिलान हो जाता है तो आरोपियों पर और भी गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी।
पुलिस ने टाली बड़ी वारदात…..
सिटी एसपी ने बताया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो शहर में बड़ी गैंगवार और हत्या जैसी गंभीर घटना हो सकती थी। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
