जमशेदपुर : जमशेदपुर में हिन्दू नववर्ष के अवसर पर 18 मार्च को भव्य हिन्दू नववर्ष यात्रा निकाली जाएगी। इसको लेकर सोमवार को हिन्दू उत्सव समिति की ओर से एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में समाजसेवी नित्यानंद सिन्हा, धर्मेंद्र प्रसाद, हिन्दू उत्सव समिति के संरक्षक शंकर रेड्डी, मंगल अखाड़ा के मुन्ना सिंह, अधिवक्ता राजहंस तिवारी, पवन सिंह, हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता रवि प्रकाश, हिन्दू जागरण मंच के प्रमुख अमित शर्मा और सुखदेव सहित कई लोग मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आयोजकों ने बताया कि 18 मार्च 2026, बुधवार को हिन्दू उत्सव समिति और हिन्दू जनजागरण मंच के तत्वावधान में डिमना चौक ट्रांसपोर्ट नगर मैदान से हिन्दू नववर्ष यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का संगम स्थल भी डिमना ट्रांसपोर्ट नगर मैदान ही होगा, जहां शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे और भगवा स्नान करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस बार यात्रा में लगभग पांच लाख हिन्दुओं के शामिल होने की संभावना है।
यात्रा डिमना ट्रांसपोर्ट नगर से निकलकर मानगो चौक, मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर, महाराणा प्रताप चौक, पुराना किताब दुकान चौक होते हुए बंगाल क्लब के रास्ते साकची सुभाष मैदान (आमबगान) पहुंचेगी। यहां हजारों रामभक्तों की मौजूदगी में 21 पंडितों द्वारा भारत माता की भव्य आरती की जाएगी, जिसका साक्षी पूरा शहर बनेगा।
धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में कई आकर्षण देखने को मिलेंगे। डिमना ट्रांसपोर्ट नगर मैदान में 21 फीट ऊंची राम की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही राम दरबार झांकी, शिव परिवार झांकी, अघोरी नृत्य झांकी, शिव तांडव, 9 फीट ऊंचे बजरंगबली की झांकी और रामगढ़ का प्रसिद्ध डंका मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा आधुनिक भव्य डी.जे. की धुन पर रामभक्त झूमते नजर आएंगे।
नित्यानंद सिन्हा ने कहा कि इस वर्ष यात्रा में मातृशक्ति की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिलेगी। हजारों महिलाएं पारंपरिक परिधान में यात्रा में शामिल होकर नेतृत्व करेंगी और महारानी लक्ष्मीबाई व दुर्गावती की तरह धर्म रक्षा का संदेश देंगी। महिलाओं की अगुवाई मंजू, सुशीला देवी, अमृता मिश्रा, उषा यादव, शशि आचार्य, संतोषी साहू, दुर्गा साहू और पूजा कुमारी सहित अन्य महिला प्रमुख करेंगी। उन्होंने हिन्दू समाज से अपील करते हुए कहा कि हर हिन्दू परिवार से कम से कम एक व्यक्ति यात्रा में शामिल होकर हिन्दू एकता को मजबूत करे।
हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता रवि प्रकाश ने बताया कि यात्रा को सफल बनाने और प्रशासन के सहयोग के लिए लगभग 200 कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। ये सभी कार्यकर्ता पूरे मार्ग में यातायात व्यवस्था और नियमों के पालन में सहयोग करेंगे।
प्रेस वार्ता में मुन्ना सिंह, अमित शर्मा, पवन सिंह, प्रिंस और सुभम राज ने भी शहर के सभी हिन्दुओं से 18 मार्च को दोपहर 3 बजे अपने घरों से निकलकर यात्रा में शामिल होने और इसे सफल बनाने की अपील की।
