जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को दुर्गा कॉलोनी, बारीडीह निवासी अभय कुमार (52 वर्ष) ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से करीब 1.40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया है। इस आधार पर सिदगोड़ा थाना कांड संख्या- 37/26, धारा 331(4) एवं 305(a) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मिले ठोस सुराग के आधार पर कार्रवाई करते हुए 21 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी विक्की लोहार उर्फ बोंडा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके पास से चोरी किए गए कई आभूषण बरामद किए गए।
बरामद सामान में शामिल हैं….
सोने जैसे गले का हार, मंगलसूत्र, मांग टीका, कान के आभूषण, अंगूठियां, चेन, लॉकेट, नथिया सहित कई आभूषण तथा चांदी के सिक्के, पायल, बिछिया, रिंग और अन्य सामान। पुलिस ने बरामद सभी सामानों को विधिवत जब्त कर सूचीबद्ध कर लिया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापामारी टीम में शामिल अधिकारी…..
इस सफल कार्रवाई में सिदगोड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी मो. अफजल अहमद, पु.अनि विकास कुमार, पु.अनि प्रशांत पांडेय, पु.अनि संजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
