जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुस्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मलिंदर सिंह नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन को हड़पने की नीयत से दबंगों द्वारा जेसीबी मशीन से जबरन समतलीकरण कराया जा रहा था। विरोध करने पर उन्हें गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ित मलिंदर सिंह (38), निवासी बड़ाबांकी, ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि 1 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे जब वह सिदगोड़ा स्थित अपने दादा बेजो भूमिज की पुस्तैनी जमीन देखने पहुंचे, तो वहां राज लकड़ा, राजू हेमंत नाग, विकास हेंब्रम समेत कई लोग जेसीबी से जमीन समतल करवा रहे थे। उनका आरोप है कि यह पूरा काम जमीन पर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से किया जा रहा था।
मलिंदर सिंह के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें मौके से भाग जाने को कहा और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज लकड़ा पूर्व में भी इसी जमीन को लेकर वर्ष 2024 में एक कथित झूठा मुकदमा दर्ज करा चुका है, जिसमें केस संख्या 3648/2024 के तहत उन्हें, उनके भाई अनिल सिंह और चाचा नटवर सिंह को आरोपी बनाया गया था। हालांकि, उस मामले में कोर्ट से उन्हें बेल मिल चुकी है और मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित ने आवेदन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, मामले के सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
