जमशेदपुर : शहर में बढ़ती मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोलमुरी थाना क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को एवीएम कॉलेज के पास से एक मोटरसाइकिल (JH22D-4333) चोरी होने के मामले में गोलमुरी थाना कांड संख्या-31/2026 दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजा सरदार उर्फ प्रकाश सरदार (उम्र करीब 23 वर्ष) बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल कर ली. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो अन्य सदस्यों— सोनू नायक उर्फ कटारी (23 वर्ष) और अतुल मुंडा (24 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें 4 हीरो स्प्लेंडर (बिना नंबर प्लेट) और एक लाल रंग की पल्सर बाइक शामिल है. आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है सक्रिय पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राजा सरदार के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी और अन्य आपराधिक धाराएं शामिल हैं। वहीं, सोनू नायक के खिलाफ भी पूर्व में कई संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल……
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी……
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है. शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
