जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की है।



जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था। इसी क्रम में 7 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों का खुलासा किया।
इसके बाद 8 अप्रैल 2026 को पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को दो चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर उनके घर से दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। इस तरह कुल पांच बाइक जब्त की गईं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसमें 8 से 10 सदस्य शामिल हैं। गिरोह के सदस्य जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें ईचागढ़, पटमदा, बोड़ाम, चास, आदित्यपुर समेत ग्रामीण इलाकों में पहुंचाते थे, जहां से वाहनों को अन्य जिलों में खपाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में मिथुन समद (21 वर्ष), बापी समद उर्फ ब्रह्मानंद समद (45 वर्ष), सुरेन्द्र लोहरा (22 वर्ष) और बसंती समद (40 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपियों पर पहले से ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई केस दर्ज हैं, जिससे इनके संगठित अपराध में शामिल होने की पुष्टि होती है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह लंबे समय से शहर और आसपास के इलाकों में सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. इस कार्रवाई को जमशेदपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे शहर में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
