जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा नाला के समीप शुक्रवार को सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय महिला जानकी देवी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर निर्माण कार्य का जोरदार विरोध किया। करीब 55 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस केंद्र को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर घंटों हाई-वोल्टेज हंगामा चलता रहा।

जानकारी के अनुसार, जानकी देवी ने उक्त जमीन को अपनी पुश्तैनी संपत्ति बताते हुए जेसीबी मशीन के आगे कूदकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा। इस दौरान महिला और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जानकी देवी बार-बार जेसीबी के सामने लेटकर काम बाधित कर रही थीं। पुलिस द्वारा हटाने के प्रयास पर वह टीम से उलझ गईं और वाहन में बैठने से भी इनकार कर दिया। काफी मशक्कत के बाद महिला कांस्टेबलों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर थाना ले जाया गया. महिला का आरोप है कि जिला प्रशासन उनकी निजी जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहा है।
प्रशासन का पक्ष……
वहीं प्रशासन ने महिला के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अधिकारियों के अनुसार, खाता संख्या 479 एवं प्लॉट संख्या 1255 के तहत कुल 1.01 एकड़ भूमि उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए विधिवत चिन्हित की गई है। स्थल पर सरकारी बोर्ड भी स्थापित किया गया है। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस स्थान का चयन किया गया है।
इधर, निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार ने सरकारी कार्य में बाधा डालने को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
