जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के डबल रोड के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे के बाद इलाके में जमकर हंगामा हो गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक का पैर टूट गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थार (JH05 AE 8711) और आई-20 कार (JH05 CU 4740) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि एक वाहन गलत दिशा से आ रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आई-20 कार के पीछे एक स्कूटी चल रही थी, जिस पर दो लोग सवार थे। टक्कर के बाद स्कूटी सवार भी हादसे की चपेट में आ गए।


घटना में एक व्यक्ति का पैर टूट गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि पुलिस मौके पर पहुंचकर थार में सवार लोगों को अपने साथ ले गई, लेकिन घायलों के मामले में तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इसी बीच, आई-20 कार के मालिक ने अपनी गाड़ी को हुए नुकसान की भरपाई की मांग प्रशासन से की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने कुछ समय के लिए पुलिस को घेर लिया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बाद में थाना प्रभारी के पहुंचने और लोगों को समझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।
