जमशेदपुर : शहर में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर चलाए जा रहे छापामारी अभियान के तहत 6 अप्रैल 2026 को उलीडीह स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, डिमना रोड के पास बड़ी कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान एक ऑटो (निबंधन संख्या JH 05 BP 9923) की तलाशी लेने पर उसमें से अवैध विदेशी शराब की कुल 264 प्लास्टिक बोतलें बरामद की गईं। मौके पर मौजूद ऑटो चालक अभिमन्यु कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।


जांच के क्रम में इस अवैध कारोबार में कुख्यात कारोबारी नीरज गुप्ता एवं उसके अन्य सहयोगियों की संलिप्तता सामने आई है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
