जमशेदपुर : शहर के पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडे ने एक साथ 53 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस फेरबदल में कई थाना प्रभारियों के साथ-साथ इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई रैंक के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।

एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, शहर के कई प्रमुख थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। कदमा थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश चंद्र सिन्हा को जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं जादूगोड़ा के अंचल निरीक्षक दिलीप कुमार यादव को कदमा थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह सीतारामडेरा थाना में तैनात जेएसआई राजेश कुमार को चाकुलिया थाना प्रभारी बनाया गया है। पटमदा थाना के प्रभारी करमपाल भगत को परसुडीह थाना भेजा गया है, जबकि उलीडीह ओपी से जेएसआई विष्णु चरण भोक्ता को पटमदा थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं जुगसलाई थाना में पदस्थापित मुकेश कुमार साव को कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यातायात पुलिस में भी बदलाव…..
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत यातायात पुलिस में भी कई बदलाव किए गए हैं। बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना के कामाख्या पासवान और रमेश कुमार पांडेय को साकची यातायात थाना भेजा गया है। वहीं जुगसलाई यातायात थाना के चार अधिकारियों को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया गया है।
इसके अलावा कई अधिकारियों को अलग-अलग थानों और पुलिस लाइन में सिरिस्ता, चेक पोस्ट और अन्य ड्यूटी के लिए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह व्यापक फेरबदल प्रशासनिक जरूरतों और शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नए पद पर तत्काल योगदान देने का निर्देश जारी कर दिया गया है।
