जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिफिट आदर्श नगर (लकड़ीटाल के पास) में एक अजीबोगरीब लेकिन गंभीर समस्या ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बस्तीवासियों ने सामूहिक रूप से थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर एक महिला पर सार्वजनिक सड़क को अवरुद्ध करने और लगातार परेशानी उत्पन्न करने का आरोप लगाया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाले अमरेश पांडे की पत्नी द्वारा आए दिन सड़क पर कुर्सियाँ लगाकर रास्ता रोक दिया जाता है। इतना ही नहीं, कई बार बिना किसी के बैठे हुए भी कुर्सियाँ सड़क पर छोड़ दी जाती हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ईंट-पत्थर डालकर रास्ता किया जाम, बढ़ी चिंता……
मामला तब और गंभीर हो गया जब 20 मार्च 2026 को सड़क पर ईंट-पत्थर गिराकर पूरे रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया। इससे न सिर्फ आम लोगों का आवागमन बाधित हुआ, बल्कि आपातकालीन स्थिति में वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया।
नाली का मलवा भी सड़क पर फेंका जा रहा…..
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली जाम होने पर उसका मलवा भी सड़क पर डाल दिया जाता है, जिससे गंदगी फैल रही है और बीमारी का खतरा बढ़ रहा है। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
पहले भी की गई शिकायत, लेकिन नहीं निकला हल…..
बस्तीवासियों का आरोप है कि इस मामले में पहले भी टेल्को थाना और CCR में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग……
सभी स्थानीय निवासियों ने संयुक्त रूप से प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि बस्ती में सामान्य स्थिति बहाल हो सके. अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब तक इस समस्या पर सख्ती दिखाता है और आम जनता को राहत दिलाता है।
