जमशेदपुर : गोलमुरी चौक पर 28 मार्च को मंदिर कमेटी और अखाड़ा के लाइसेंसधारी के बीच हुई मारपीट अब कानूनी जंग में बदल गई है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराकर विवाद को और गरमा दिया है।

पहले पक्ष से मनोज कुमार खत्री के बयान पर आकाश प्रसाद, आशीष प्रसाद, अंकित प्रसाद, हेमा देवी, अरविंद सिंह समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से हेमन वर्मा के बयान पर राजू त्रिपाठी, विनोद खत्री, मनोज खत्री, अनुज खत्री और पंकज शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है. बताया जाता है कि विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप की पड़ताल की जा रही है. अब देखना यह है कि जांच में किस पक्ष की सच्चाई सामने आती है और किस पर कानून का शिकंजा कसता है।
