जमशेदपुर/बेंगलुरु : जमशेदपुर के मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी 26 वर्षीय युवक रोहित शुक्ला उर्फ चंदन शुक्ला की बेंगलुरु में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। इस घटना से परिवार समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, रोहित बेंगलुरु एयरपोर्ट के बाहर पार्किंग में कार्यरत थे। इसी दौरान कार्य करते समय पार्किंग स्थल में एक वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना कर्नाटक पुलिस द्वारा परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बेंगलुरु के लिए रवाना हुए और अब पार्थिव शरीर को लेकर जमशेदपुर लौट रहे हैं।
बताया जाता है कि रोहित अपने परिवार का बड़ा बेटा था और घर की जिम्मेदारियों का मुख्य सहारा भी। उनके पिता पेशे से टेंपू चालक हैं। परिवार में दो भाई हैं, जिनमें रोहित सबसे बड़ा था। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मृतक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
रोजगार की तलाश में घर से दूर गए युवक की इस तरह असमय मौत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अब पूरे इलाके की नजर इस बात पर है कि प्रशासन और संबंधित विभाग पीड़ित परिवार को क्या सहायता प्रदान करते हैं।
