जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के बजरंगनगर में आकाश सिंह पर हुए चापड़ हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ससुर प्रकाश सिंह और दामाद सन्नी चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया है. पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में दोनों आरोपियों से थाना में पूछताछ की गई। वहीं, हमले में गंभीर रूप से घायल आकाश सिंह का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है।

इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से गोलमुरी थाना में काउंटर केस दर्ज कराया गया है। एक पक्ष से घायल आकाश सिंह के रिश्तेदार टुइलाडुंगरी ए ब्लॉक निवासी बलविंदर सिंह के बयान पर सन्नी चौधरी, उसके भाई सूरज चौधरी सहित अन्य के खिलाफ जान मारने की नीयत से चापड़ से हमला करने का मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर, प्रकाश सिंह के बयान पर राहुल केला एवं अन्य के विरुद्ध धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का केस दर्ज किया गया है. ज्ञात हो कि गत एक अप्रैल को बजरंगनगर में मारपीट के दौरान चापड़ से हमला हुआ था, जिसमें आकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जबकि दूसरे पक्ष के प्रकाश सिंह के सिर में चोट आई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
