जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की साजिश को विफल कर दिया है। वरीय पदाधिकारी को 08 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 03:10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि प्राथमिक विद्यालय, भूमिज टोला गदड़ा में कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।


सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने सनहा संख्या 03/26 दर्ज करते हुए छापामारी टीम का गठन किया और मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह उर्फ पाका (30 वर्ष), रोशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली (23 वर्ष), आजाद पाल उर्फ बॉबी पाल (27 वर्ष) और शिवनारायण रजक उर्फ चंदू शामिल हैं। सभी आरोपी परसुडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन (टेक्नो पोवा, ओप्पो और सैमसंग) बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद सभी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस संबंध में परसुडीह थाना कांड संख्या 33/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास……
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनमें रोशन सिंह, रोशन कुमार और आजाद पाल पर पूर्व में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई संगीन मामलों में केस दर्ज हैं।
छापेमारी टीम की अहम भूमिका……..
इस सफल कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में तौफिक आलम, अभिनाश कुमार, पवन कुमार, रितेश कुमार, अरुण कुमार, गौतम वर्मा, भूषण महतो, प्रभु राम और रवी टोप्पो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में संभावित बड़ी वारदात टल गई है और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
