जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में रविवार को लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश के साथ नजर आया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखीं। खासकर वार्ड नंबर 1 से 11 तक के इलाकों में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया, जहां करीब 30 फीसदी तक वोटिंग हुई। इन वार्डों में मुस्लिम बहुल आबादी होने के कारण यहां महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

हालांकि मतदान के बीच कुछ जगहों पर तनाव की स्थिति भी बनी। जुगसलाई गुरुद्वारा स्थित बूथ पर दो पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। वार्ड सदस्य उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच हुए विवाद से अफरातफरी मच गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और मामला शांत कराया।
इसी तरह जुगसलाई आरपी पटेल हाई स्कूल स्थित बूथ पर भी हंगामा हुआ। यहां बोगस वोटिंग के आरोप लगे, जिसके बाद माहौल गरमा गया। पुलिस बल की तैनाती बढ़ाकर स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा का आरोप है कि राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त हिदायतुल्लाह खान द्वारा मतदाताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही वार्ड नंबर 1 में विपक्षी दल के एजेंटों को बूथ से बाहर करने की भी शिकायत की गई है।
हालांकि इन छिटपुट घटनाओं के बावजूद अधिकांश बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ। आम मतदाताओं में लोकतंत्र के प्रति उत्साह साफ दिखाई दिया। अब सबकी निगाहें 27 फरवरी को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जब तय होगा कि जुगसलाई की जनता किसे नगर परिषद की कमान सौंपती है।
