जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट और अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक (शहर) कुमार शिवशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (पूर्वी सिंहभूम) पीयूष पांडे के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर बागबेड़ा पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में छापेमारी कर आरोपी कन्हैया रजक को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि घटना उस समय हुई जब करीब 20 वर्षीय पीड़िता रोड नंबर-3 स्थित एक सरकारी स्कूल के पास अकेले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी कन्हैया रजक, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था, ने महिला के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि उसने महिला के मुंह में सिगरेट का जला हुआ हिस्सा ठूंसने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के कपड़े उतारने की भी कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी कन्हैया रजक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह इससे पहले भी बागबेड़ा थाना के दो अलग-अलग मामलों में जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
