जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Champai Soren के पोते और बाबूलाल सोरेन के पुत्र Veer Soren का हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में निधन हो गया। इस दुखद खबर के सामने आते ही परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जाता है कि 21 वर्षीय वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए Kullu Manali गए थे। वहां वे बर्फबारी के बीच दोस्तों के साथ घूमने और स्कीइंग का आनंद ले रहे थे। जानकारी के अनुसार, स्कीइंग करने के बाद वे होटल लौटे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए।
दोस्तों द्वारा उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना देर शाम पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और बाबूलाल सोरेन को दी गई। इसके बाद परिवार के सदस्य कुल्लू के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल परिजन इस स्थिति में नहीं हैं कि वे मृत्यु के कारणों पर कुछ स्पष्ट कह सकें। उनके अनुसार, मौके पर पहुंचने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
अब तक स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बताया जाता है कि बाबूलाल सोरेन के दो बेटे हैं, जिनमें वीर सोरेन बड़े थे. इस असमय निधन से परिजनों, शुभचिंतकों और समर्थकों में गहरा दुख व्याप्त है।
