जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (एसआई) विकास कुमार एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस कथित सीसीटीवी वीडियो में एसआई आम नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार करते और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही शहर में हड़कंप मच गया है और पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वीडियो के वायरल होते ही लोगों के बीच आक्रोश साफ देखा जा रहा है। आम नागरिकों का कहना है कि यदि कानून की रक्षा करने वाले ही इस तरह का व्यवहार करेंगे, तो जनता किससे न्याय की उम्मीद करेगी। मामला तूल पकड़ते हुए अब जनचर्चा से निकलकर राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया है।
भाजपा नेता अंकित आनंद ने वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए एसएसपी, डीजीपी, मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महिला आयोग को टैग कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित एसआई के खिलाफ पूर्व में भी इस तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन हर बार विभागीय स्तर पर मामले को दबा दिया गया।
अंकित आनंद ने कड़े शब्दों में कहा कि वर्दी में इस प्रकार की भाषा और व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि इससे पुलिस की छवि को गहरा आघात पहुंचता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सीधे तौर पर पुलिस विभाग की साख पर सवाल खड़ा करेगा।
फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो पर क्या रुख अपनाता है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है। शहरवासियों की नजर अब पुलिस विभाग की अगली कदम पर टिकी हुई है।
