जमशेदपुर : शहर के बागबेड़ा इलाके से महिला सुरक्षा को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ की गई। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, महिला की साड़ी खींचकर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का भी आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब महिला अपने इलाके में मौजूद थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी भड़क उठे और उसके साथ मारपीट करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने महिला को बुरी तरह पीटा और उसकी साड़ी खींचकर उसे अपमानित किया। इस पूरी घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
इधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और मिली शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
