जमशेदपुर : एलडी-2 गोलचक्कर सिग्नल के पास गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। घटना में NALCO की बस और एक बाइक की टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार कर्मचारी घायल हो गया। हालांकि समय रहते बाइक से छलांग लगा देने के कारण उसकी जान बच गई।



मिली जानकारी के अनुसार, NALCO की एक बस करीब 20 कर्मचारियों को छोड़ने के बाद CRM राउंडअबाउट की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान LD-3 IEM विभाग के कर्मचारी एम.वी.आर.के. प्रसाद अपनी बाइक से गलत दिशा से उसी मोड़ पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि मोड़ पर ब्लाइंड स्पॉट होने के कारण बस चालक बाइक सवार को देख नहीं पाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति गंभीर होती देख कर्मचारी ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाइक से छलांग लगा दी, जबकि बाइक बस के नीचे जा घुसी। हादसे में कर्मचारी के पैर में चोट आई है।
घटना के बाद घायल कर्मचारी को तत्काल ईस्ट प्लांट फर्स्ट एड सेंटर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि हादसा और भी भयावह हो सकता था, लेकिन कर्मचारी की सतर्कता और किस्मत से बड़ा नुकसान टल गया. फिलहाल मामले की विस्तृत जानकारी और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



