सूरत : मकर संक्रांति जैसे खुशी और उल्लास के दिन गुजरात के सूरत में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। चाइनीज मांझे की जानलेवा लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया।
घटना सूरत के चंद्रशेखर आज़ाद फ्लाईओवर की है, जहां एक बाइक सवार परिवार अचानक मौत का शिकार हो गया। फ्लाईओवर पर बाइक चला रहे 35 वर्षीय रेहान शेख के सामने अचानक पतंग का मांझा आ गया। रेहान ने एक हाथ से मांझा हटाने और दूसरे हाथ से बाइक संभालने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया।
70 फीट नीचे गिरकर टूटी ज़िंदगियां……
संतुलन बिगड़ते ही बाइक फ्लाईओवर से फिसलती हुई करीब 70 फीट नीचे सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि रेहान और उनकी 10 वर्षीय मासूम बेटी आयशा की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पत्नी रेहाना को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
खुशियों का त्योहार, मगर घर में छा गया सन्नाटा…..
जिस दिन पतंगों से आसमान रंगीन होना था, उसी दिन एक मां, एक पिता और एक मासूम बच्ची की चिताएं जलीं। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि कब तक चाइनीज मांझा जान लेता रहेगा?
सवाल वही—कब रुकेगी लापरवाही?…..
चाइनीज मांझा पहले भी कई जिंदगियां निगल चुका है, इसके बावजूद न रोकथाम सख्त है, न ही जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई।
