जमशेदपुर : देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 26 फरवरी को जमशेदपुर पहुंच रही हैं। करीब चार घंटे के प्रवास के दौरान शहर पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 4 हजार पुलिसकर्मी और 125 दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। जिस-जिस मार्ग से राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा, वहां चकाचक व्यवस्था, बैरिकेडिंग और कड़ी निगरानी की गई है।
✈️ नागपुर से रांची, फिर हेलीकॉप्टर से सोनारी आगमन……
राष्ट्रपति नागपुर से भारतीय वायु सेना के बीबीजे विमान से रांची पहुंचेंगी। इसके बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर से लगभग 45 मिनट में सोनारी एयरपोर्ट, जमशेदपुर पहुंचेंगी।
शहर में कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद वे पुनः रांची लौटेंगी और वहां से राजस्थान के लिए रवाना होंगी।
🛕 कदमा मरीन ड्राइव में जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला……
अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति कदमा मरीन ड्राइव में बनने वाले भव्य जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला रखेंगी। इसके बाद वे Tata Manipal Medical College का दौरा करेंगी और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी।
मॉक ड्रिल से परखी गई सुरक्षा……
राष्ट्रपति के आगमन से पहले पूरे रूट पर व्यापक मॉक ड्रिल की गई। यह अभ्यास सोनारी एयरपोर्ट से शुरू होकर कदमा कार्यक्रम स्थल, मेडिकल कॉलेज और फिर वापस एयरपोर्ट तक किया गया।
मॉक ड्रिल में वीआईपी मूवमेंट, ट्रैफिक कंट्रोल, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी, सुरक्षा घेरे की मजबूती की बारीकी से जांच की गई। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स और निगरानी बढ़ा दी गई है।
चाक-चौबंद इंतजाम, प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद……
जिला प्रशासन के मुताबिक राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आज जमशेदपुर में हर नजर राष्ट्रपति के दौरे पर टिकी रहेगी — सुरक्षा, सजावट और सख्त प्रबंधन के बीच शहर ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है।
