पोटका : हाता-टाटा मुख्य पथ पर तुरी धर्मकांटा के समीप रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार चाईबासा की ओर से आ रही मां पार्वती बस ( JH05BN 8920 ) ने एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया और उसे साइकिल समेत करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए तुरी लाइन होटल के पास जाकर बस रोकी।
बताया जाता है कि घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक साइकिल सवार बस के नीचे फंसा हुआ था। मृतक की पहचान घासी राम किस्कू के रूप में हुई है, जो तुमुंग के डूमर टोला का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाता-टाटा सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पोटका थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।

