जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा इलाके में बुधवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज़ से पूरा मोहल्ला दहल उठा। जानकारी के मुताबिक मुन्ना सिंह का बेटा धर्मेंद्र ने करीब आधे-आधे घंटे के अंतराल पर तीन राउंड फायरिंग की। गोलियों की गूंज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। हालांकि वारदात के बाद से आरोपी धर्मेंद्र फरार बताया जा रहा है।
पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी धर्मेंद्र पर इलाके के एक एटीएम का शीशा तोड़ने का आरोप लगा था, जिसकी जांच अभी जारी है. फिलहाल पुलिस फायरिंग के पीछे की वजहों की गहन पड़ताल कर रही है और इलाके में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
