जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत सारजामदा गुरुद्वारा रोड निवासी प्रिया देवी ने वरीय पुलिस अधीक्षक से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उन्हें और उनके परिजनों को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके घर पर बम फेंके जाने की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत परसुडीह थाना में दर्ज कराई गई है। घटना से संबंधित वीडियो फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है, लेकिन अब तक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
प्रिया देवी के अनुसार, उनके पति संजीव सिंह की 12 मई 2016 को बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अदालत ने 27 जनवरी 2026 को दुबराज नाग और जितेंद्र सिंह को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं, इस मामले में आरोपी रहे मोहन कच्छप, डोमिनिक सैमसंग समेत अन्य को अदालत ने दोषमुक्त कर दिया था।
महिला ने आशंका जताई है कि दोषमुक्त हुए आरोपी बदले की भावना से उन्हें निशाना बना सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दुबराज नाग के इशारे पर डोमिनिक सैमसंग और मोहन कच्छप ने उनके घर पर बम फेंका।
प्रिया देवी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
