चाईबासा : नगर पालिका चुनाव को लेकर चाईबासा में सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता (ओबीसी वर्ग) ने पत्रकार बंधुओं से लोकतंत्र की रक्षा में अहम भूमिका निभाने की अपील की है। देवी शंकर दत्ता ने कहा कि वे इस नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं। उनका क्रम संख्या दो है और चुनाव चिन्ह ‘छड़ी’ है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को आईना दिखाने का काम करते हैं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत रखने में आपकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक पद का नहीं, बल्कि साधारण और मध्यम वर्ग बनाम करोड़ों–लाखों की पूंजी रखने वाले व्यापारियों के बीच की लड़ाई बनता जा रहा है। कुछ लोग धनबल के सहारे “यस मैन” खड़ा कर लोकतंत्र पर आघात करना चाहते हैं, जो बेहद चिंताजनक है। देवी शंकर दत्ता ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन के 35 वर्ष समाज के सभी वर्गों और समुदायों की सेवा में लगाए हैं। आम जनता की समस्याओं को समझकर, अपनी क्षमता और संसाधनों के अनुसार समाधान करने का उन्होंने हमेशा प्रयास किया है।
उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी कलम की धार से धनबल की राजनीति को बेनकाब करें, ताकि लोकतंत्र पर पैसे का वर्चस्व न हो सके और जनता को सच्चाई का आईना दिखाया जा सके. अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि मीडिया की निष्पक्ष भूमिका से लोकतंत्र मजबूत होगा और जनता सही निर्णय ले पाएगी।
