चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर से बड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया के जरिए एक युवती को ब्लैकमेल करने वाले साइबर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम मो० शमसेर अली उर्फ शमसेर आलम है, जो बिहार के औरंगाबाद जिले का रहने वाला है। लॉकडाउन के समय आरोपी ने पीड़िता से फेसबुक और वाट्सऐप पर संपर्क बढ़ाया, शादी का झांसा दिया और बाद में दहेज के बहाने शादी से मुकर गया। इसके बाद उसने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो वायरल कर 5 लाख रुपये की मांग की।

पीड़िता की शिकायत पर जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज हुआ और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से आपत्तिजनक फोटो वाला मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर अपराध की जानकारी पर तुरंत 112 या 1930 पर संपर्क करें।
