जमशेदपुर : विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में बर्मामाइंस स्थित ज्ञानोदय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बाबा कुटीर में “सुरक्षित उत्पाद, आश्वस्त उपभोक्ता” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, सुरक्षित उत्पादों की पहचान और उपभोक्ता जागरूकता के प्रति प्रेरित करना था।



कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका रिया रजक ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों एंजेल उपाध्याय (प्रांत उपाध्यक्ष), पप्पू सिंह (जिला अध्यक्ष, पूर्वी सिंहभूम) और पप्पू राव (सचिव, स्थानीय विद्यालय) द्वारा ईश वंदना के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण मुरारी ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का अभिनंदन किया तथा उपभोक्ता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं पप्पू राव ने कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस की प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में एंजेल उपाध्याय ने संगठन परिचय देते हुए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की गतिविधियों और उपभोक्ता जागरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता के रूप में पप्पू सिंह ने “सुरक्षित उत्पाद, आश्वस्त उपभोक्ता” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि बाजार से खरीदी जाने वाली हर वस्तु केवल सामान नहीं होती, बल्कि वह हमारे स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा से भी जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि जब उत्पाद सुरक्षित और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होते हैं, तब उपभोक्ता के मन में विश्वास पैदा होता है और वही एक आश्वस्त उपभोक्ता का निर्माण करता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वस्तु खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और गुणवत्ता प्रमाण चिन्ह जैसे आईएसआई, एगमार्क और एफएसएसएआई अवश्य देखें, बिल लें और भ्रामक विज्ञापनों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित बाजार की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के अंत में रिंकी साहू ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांत संगठन मंत्री प्रभु जी, महिला आयाम प्रमुख प्रीति जी, आयाम सह प्रमुख विजयलक्ष्मी जी, जिला रोजगार आयाम प्रमुख मनोज लकड़ा, राकेश जी, पूनम सिंह, दीपा साहू, खुशबू सिंह, अंजू मुखी, कविता शर्मा, राजा कुमार सहित कई कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार के सदस्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
