चाईबासा/पश्चिमी सिंहभूम : सारंडा जंगल में गश्ती के दौरान सीआरपीएफ जवानों को अचानक दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ा। एक ओर मधुमक्खियों के झुंड ने जवानों पर हमला कर दिया, वहीं दूसरी ओर नक्सलियों की साजिश के तहत लगाए गए IED से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मधुमक्खियों के हमले में सीआरपीएफ 174 बटालियन के जवान दिगंबर डे घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए ओडिशा के बिसरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।



इधर, बरकेला कैंप से लगभग 4 किलोमीटर दूर एक पुलिया के पास नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए IED प्लांट कर रखा था। हालांकि, जवानों की सतर्कता और सूझबूझ के कारण समय रहते खतरे को भांप लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। जंगल क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी नक्सली गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
