चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. चाईबासा के मुफस्सिल बोरिंग गाड़ी चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में साहिद अंसारी, एहसान अंसारी, तोहिद खान, सहील एकराम और रंजीत कुमार को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी की गयी. एसपी ने बताया कि तमिलनाडु निवासी एक व्यक्ति द्वारा थाना क्षेत्र में खड़ी बोरिंग गाड़ी (रजिस्ट्रेशन संख्या केए06सी 8935) की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गयी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुसंधान प्रारंभ किया.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए चोरी गयी बोरिंग वाहन को कुड़माली जंगल क्षेत्र (एनएच-75) से बरामद किया. वाहन की बरामदगी के बाद इस कांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी से संबंधित अन्य सामान भी बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि बोरिंग गाड़ी में डीजल खत्म होने के कारण इसे जंगल में खड़ा किया गया और अपने अन्य साथियों को डीजल लाने के लिए भेजा गया. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गयी बोलेरो वाहन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, लगभग 28 लीटर डीजल और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
