गोविंदपुर : MINERVA DIGITAL परीक्षा केंद्र में SSC (MTS) ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सेंटर कोऑर्डिनेटर की सूचना पर पुलिस ने दो परीक्षार्थियों और एक केंद्र कर्मचारी को गिरफ्तार किया। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार परीक्षार्थियों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस जैसे अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए गए, जिनकी मदद से बाहर से उत्तर बताए जा रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा केंद्र के रजिस्ट्रेशन मैनेजर ने उपकरण उपलब्ध कराए थे।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि नकल कराने के लिए प्रति परीक्षार्थी आठ लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें से ढाई लाख रुपये अग्रिम दिए गए थे। कर्मचारी के मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, प्रवेश पत्र और लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिले हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
