धनबाद : बलियापुर थाना क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती को उसके ब्वायफ्रेंड से शादी कराने का झांसा देकर यौन शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनबाद के रांगाटांड़ निवासी राकेश शर्मा उर्फ देवराज के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार घटना एक नवंबर की बताई जा रही है। आरोपी, जो भुली सी ब्लॉक का निवासी है, ने युवती को ओझा-गुणी के माध्यम से उसके प्रेमी से शादी करवा देने का भरोसा दिलाया। इसी बहाने वह युवती को अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गया, जहां उसने कई दिनों तक उसका यौन शोषण किया।

इधर, युवती के दो दिनों तक घर वापस नहीं लौटने पर उसकी मां ने बलियापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और लगातार छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी उस समय फरार हो गया था।
पीड़िता ने पुलिस को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार गुरुवार देर रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धनबाद के रांगाटांड़ में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
