गो-भागवत, 3,000 फलदार पौधों का वितरण, अग्रसेन जयंती समारोह और 51 आदिवासी जोड़ों का सामूहिक विवाह प्रमुख कार्यक्रम
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन ने आगामी दो माह के लिए सामाजिक, धार्मिक, पर्यावरणीय एवं संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया है। सितंबर और अक्टूबर में सम्मेलन की ओर से गो-भागवत, 3,000 फलदार पौधों का वितरण, महाराजा अग्रसेन जयंती पर सप्ताहव्यापी कार्यक्रम तथा 51 आदिवासी जोड़ों के सामूहिक विवाह में सहभागिता सहित कई महत्वपूर्ण आयोजन किए जाएंगे। इसके साथ ही संरक्षक सदस्यता अभियान को भी गति देने का निर्णय लिया गया है. जिलाध्यक्ष मंटू अग्रवाल, जिला महामंत्री बिमल बाकरेवाल एवं जिला कोषाध्यक्ष सीए राजेश गर्ग ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सामाजिक आयोजनों को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और संगठनात्मक सहभागिता से जोड़ना है।

18 से 20 सितंबर तक गो-भागवत……
पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन एवं ध्यान फाउंडेशन चाकुलिया गौशाला के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 20 सितंबर तक बिष्टुपुर स्थित कमानी ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय द्वितीय वर्ष ‘गो-भागवत’ का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से गौसेवा के प्रति जनजागरण और समाज में सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
3,000 फलदार पौधों का होगा वितरण……
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक मोदी के संयुक्त तत्वावधान में भादो माह में वृहद फलदार पौधा वितरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत नदिया जिले से आम, अमरूद, नींबू, लीची और कटहल के करीब 3,000 पौधे मंगाए जाएंगे। पौधों को लगभग 50 रुपये की न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराने की योजना है। सम्मेलन की ओर से पौधों की बुकिंग शुरू कर दी गई है।
5 से 11 अक्टूबर तक अग्रसेन जयंती समारोह……
महाराजा अग्रसेन जयंती इस वर्ष व्यापक सामाजिक सहभागिता के साथ मनाई जाएगी। 5 से 11 अक्टूबर तक विभिन्न शाखाओं में बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए सप्ताहव्यापी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 11 अक्टूबर को मुख्य समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में सम्मेलन की महिला एवं युवा इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
25 अक्टूबर को 51 आदिवासी जोड़ों का सामूहिक विवाह……
सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में सम्मेलन 25 अक्टूबर को 51 आदिवासी जोड़ों के सामूहिक विवाह आयोजन में सहभागिता करेगा। यह कार्यक्रम ब्रह्मलोक धाम, एयरबेस कॉलोनी, कदमा एवं विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा. पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की ओर से सभी 51 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद स्वरूप उपयोगी घरेलू सामग्री एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक वस्तुओं को 51-51 की संख्या में एकत्रित करने के साथ 51 यजमानों को जोड़ने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
संरक्षक सदस्यता अभियान पर जोर…..
झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन द्वारा चलाए जा रहे संरक्षक सदस्यता अभियान को पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष गति दी जाएगी। इसके तहत पूर्व से जुड़े आजीवन सदस्यों को संरक्षक सदस्य के रूप में अपग्रेड करने के साथ नए संरक्षक सदस्यों को भी जोड़ा जा रहा है. प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल किशोर अग्रवाल ने पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजबंधुओं से सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि जो प्रतिनिधि किसी विशेष आयोजन में जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं, वे स्वेच्छा से अपना नाम, कार्यक्रम और इच्छित दायित्व जिला नेतृत्व को दे सकते हैं। उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी देने का प्रयास किया जाएगा।



























































